सरायकेला-खरसावां, 27 अगस्त।आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबोहनी स्थित साई कृष्णा हेवन सिटी अपार्टमेंट में गुरुवार को 18 वर्षीय एक युवती की पांचवीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। मृतका की पहचान सतबोहनी क्षेत्र निवासी खुशबू कुमारी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुशबू साई कृष्णा हेवन सिटी पहुंच कर प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षा गार्ड से मिली और फ्लैट नंबर 515 में अपने किसी परिचित से मिलने जाने की बात कह कर अंदर गई , कुछ ही देर बाद अपार्टमेंट परिसर में उसके नीचे गिरने की सूचना मिली। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और युवती के शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
फिलहाल मामले को आत्महत्या की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ फ्लैट में मौजूद लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।
