डॉक्टर से पांच करोड़ की रंगदारी

रांची, 27 अगस्त। झारखंड की राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में लोहरदगा से मुख्य आरोपी दीपू को गिरफ्तार किया है। दीपू से पूछताछ कर पुलिस रंगदारी मांगने वाले गिरोह और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अशोक नगर निवासी डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा से उनकी पैतृक जमीन खरीदने के बहाने संपर्क किया और बातचीत के दौरान पांच करोड़ रुपए की रंगदारी की मांग कर दी। रकम नहीं मिलने पर लोहरदगा में गोली मारकर हत्या करने की धमकी भी दी । धमकी मिलने के बाद डॉक्टर ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

डॉ. सिन्हा ने पुलिस को बताया कि 29 जुलाई की रात उनके मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबर से लगातार कॉल किए गए। रात में करीब 42 बार कॉल और मिस्ड कॉल आने के बाद उन्हें धमकी दी गई। इससे  डॉक्टर और उनके परिवार में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है।

मोबाइल नंबर कीलोकेशन के आधार पर पुलिस को आरोपी के लोहरदगा में होने की जानकारी मिली। रांची पुलिस टीम ने लोहरदगा में छापेमारी कर आरोपी दीपू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि डॉक्टर को निशाना बनाने की योजना किसने बनाई थी। आशंका है कि रंगदारी मांगने के पीछे एक संगठित गिरोह हो सकता है। फिलहाल, आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है।