पश्चिमी सिंहभूम, 09 अगस्त । पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र से लापता हुई तीन युवतियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से सकुशल बरामद कर लिया। गुवा पुलिस की टीम ने मेरठ जीआरपी के सहयोग से अभियान चलाकर तीनों को खोज निकाला। रविवार को पुलिस टीम सभी को लेकर गुवा थाना पहुंची, जहां आगे की आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
गुवा थाना क्षेत्र के लिपुंगा गांव निवासी मादो चाम्पिया एक अगस्त 2026 को थाना में आवेदन देकर अपनी बेटी के लापता होने की सूचना दी थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 17 वर्षीय नाबालिग करीब दो सप्ताह पहले बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। परिवार के सदस्यों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के साथ अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और इसकी जिम्मेदारी सहायक अवर निरीक्षक भुवनेश्वर महतो को सौंपी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनित किन्डो के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि लापता लड़कियां रोजगार के उद्देश्य से मेरठ गई हैं। सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम चार अगस्त को मेरठ के लिए रवाना हुई।
मेरठ पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर छानबीन शुरू की। इस दौरान मेरठ जीआरपी के सहयोग से एक लापता नाबालिग को बरामद किया। इसी क्रम में टीम ने जिले से लापता दो अन्य लड़कियों को भी बरामद किया।
पुलिस टीम तीनों को सुरक्षित गुवा लेकर पहुंची। अभियान में एसडीपीओ किरीबुरू विनित किन्डो, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक भुवनेश्वर महतो, महिला आरक्षी सुशीला माई कुदादा, आरक्षी सतीश कुमार सिंह सहित गुवा थाना के अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
