onkar

कोलकाता, 09 अगस्त । कोलकाता हवाईअड्डे के अंतरराष्ट्रीय मालवाहक परिसर में कार्रवाई कर वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के अधिकारियों ने 550 दुर्लभ प्रजाति की चन्ना बरका या तिला शोल मछलियां बरामद की हैं। रविवार को इस संबंध में जानकारी सामने आई।

सूत्रों के अनुसार, समुद्री मछलियां बताकर इन मछलियों को कंटेनर में भरकर मलेशिया के कुआलालंपुर भेजने का प्रयास किया जा रहा था।

आरोप है कि हिंडोल हलदार की संस्था के माध्यम से इन मछलियों को विदेश भेजने की तैयारी की गई थी। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि मछलियां कहां से लाई गई थीं और इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को कोलकाता अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के अंतरराष्ट्रीय मालवाहक विभाग से चार थर्मोकोल के बक्से ले जाए जा रहे थे। इन बक्सों को अंतरराष्ट्रीय मालवाहक विमान के जरिए मलेशिया भेजने की प्रक्रिया चल रही थी। एक्वा एंटरप्राइज के स्वामी हिंडोल हलदार नामक व्यक्ति ने इसकी बुकिंग कराई थी।इसकी सूचना मिलने के बाद वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के अधिकारी हवाईअड्डे पहुंचे। चारों बक्सों की तलाशी लेने पर उनके अंदर पैकेटों में बड़ी संख्या में दुर्लभ प्रजाति की मछलियां मिलीं। अधिकारियों ने तत्काल सभी मछलियों को जब्त कर लिया। मामले की जांच जारी है।