file foto
पुलिस कार्रवाई को बताया जिम्मेदार
जयपुर, 4 अगस्त। जयपुर में यूजीसी रेगुलेशंस-2026 को वापस लेने तथा सवर्ण समाज से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर निकाली गई करणी सेना की रैली के बाद एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई। संगठन ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस की वाटर कैनन कार्रवाई के कारण प्रदर्शनकारी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिससे बाद में उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
करणी सेना के अनुसार मृतक की पहचान डीडवाना-कुचामन जिले के पलाड़ा निवासी देवराज सिंह के रूप में हुई है। संगठन का दावा है कि सोमवार को जयपुर में आयोजित रैली के दौरान कालवाड़ रोड पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग किया।
करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि पानी की तेज धार देवराज सिंह के सीने पर लगी, जिससे उन्हें गंभीर चोट पहुंची।
मकराना ने बताया कि रैली के बाद देवराज सिंह ने घर पहुंचकर सीने में दर्द की शिकायत की। उन्हें पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि रैली के दौरान कालवाड़ रोड सहित कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच धक्कमपेल भी हुई। रैली के बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट सर्किल पर एकत्र हुए और कुछ समय तक सड़क जाम करने के बाद वहां से हट गए।
