90 मोतियाबिंद रोगियों का होगा निशुल्क ऑपरेशन
कोलकाता, 19 जुलाई। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार को चार स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।
ये शिविर त्रिवेणी में आशा आलो के सहयोग से, शोभा जन कल्याण ट्रस्ट के सहयोग से ऋषड़ा (भद्रकाली) में, आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से कोलकाता के विवेकानंद रोड पर तथा राजीव गांधी इंटरनेशनल थैलेसीमिया ट्रस्ट के सहयोग से बदुरिया में आयोजित किए गए। चारों शिविरों में कुल 1027 मरीजों की जांच की गई।
नेत्र परीक्षण के दौरान 419 मरीजों की नजर कमजोर पाई गई , इन्हें चश्मे निशुल्क प्रदान किए जाएंगे। जबकि 90 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित मिले। मोतियाबिंद पीड़ित रोगियों के ऑपरेशन मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल, कोलकाता में निशुल्क किए जाएंगे।
शिविरों में आए सभी मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच , ब्लड शुगर, ईसीजी तथा अन्य आवश्यक चिकित्सकीय जांचें निशुल्क की गई। मरीजों को दवाइयों का भी वितरण किया गया।
मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इस इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. अनिर्बान धर, डॉ. शमीमा खातून, डॉ. कबीर अहमद तथा डॉ. मिथलेश राय का उल्लेखनीय योगदान रहा।
शिविर समन्वयक अजय दिवाकर ने बताया कि संस्था जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित रूप से ऐसे निशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित करती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यह सेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
