khad

खड़गपुर, 16 जुलाई । माथुर वैश्य महासभा के तत्वावधान तथा पूर्वांचल मंडल के संरक्षण में माथुर वैश्य शाखा सभा, खड़गपुर एवं माथुर वैश्य महिला मंडल के नेतृत्व में गुरुवार को गोल बाजार स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।

शिविर के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान के साथ-साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं दंत जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान अनेक जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने रक्तदाताओं की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए समाज के अधिकाधिक लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों एवं समाज के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर शाखा सभा के अध्यक्ष सुशील बलईवार, मंत्री विजय चौधरी, दिनेश भागलपुरी, ललित पचाधारी, संजू बलईवार, दिनेश बलईवार तथा रोशन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त कान्यकुब्ज वैश्य नवयुवक संघ, पश्चिम मेदिनीपुर के प्रतिनिधियों एवं अन्य अतिथियों की भी कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति रही।

माथुर वैश्य समाज के विजय गुप्ता ने बताया हमारा सामाजिक कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है इस वर्ष भी रक्तदान शिविर बहुत ही अच्छा हुआ है।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।