राम मंदिर 01

PM at Shri Ram Janmbhoomi Mandir Dhwajarohan Utsav, in Ayodhya, Uttar Pradesh on November 25, 2025.

सुप्रीम कोर्ट ने SIT से मांगी स्टेटस रिपोर्ट,

आठों आरोपी 27 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में

अयोध्या, 13 जुलाई। राममंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) से अब तक की जांच की विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। न्यायालय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रिपोर्ट में SIT के गठन, उसकी संरचना तथा जांच अधिकारियों का पूरा विवरण शामिल किया जाए। साथ ही मामले से जुड़े सभी CCTV फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए। अगली सुनवाई 20 जुलाई को निर्धारित की गई है।

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि सरकार स्टेटस रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में प्रस्तुत करेगी। अदालत चार अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है, जिनमें मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने तथा मंदिर में प्राप्त दान और चढ़ावे के प्रबंधन की समीक्षा के लिए विशेषज्ञ समिति गठित करने की मांग की गई है।

इधर, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। आवेदन के लिए अभ्यर्थी की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच तथा न्यूनतम शैक्षिक योग्यता स्नातक निर्धारित की गई है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई 2026 शाम 4 बजे तक तय की गई है।

उधर, चढ़ावा चोरी प्रकरण में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष अदालत में पेश किया गया। विशेष न्यायाधीश प्रतिभा नारायण ने सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ाते हुए 27 जुलाई तक जेल भेजने के आदेश दिए। इससे पहले पुलिस ने चार आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ की थी। फिलहाल सभी आरोपियों को फैजाबाद जेल की अलग-अलग बैरकों में रखा गया है।