accident

पश्चिम मेदिनीपुर, 09 जुलाई । मेदिनीपुर जिले के दांतन थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह खड़गपुर–बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-16 पर हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक मोटरसाइकिल से केशपुर से दीघा जा रहे थे। मृतक का नाम अभिषेक मंडल (25) है।

पुलिस के अनुसार, केशपुर थाना क्षेत्र के दक्षिण पड़शुड़ा गांव निवासी तीन युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर दीघा की ओर जा रहे थे। दांतन थाना क्षेत्र के सास्तानगर के समीप उनकी मोटरसाइकिल की एक लॉरी से आमने-सामने की टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। सूचना पाकर दांतन थाना कीपुलिस तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे घायलों को तत्काल दांतन ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अभिषेक मंडल को मृत घोषित कर दिया।

स्थिति गंभीर होने पर अन्य दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के बाद चालक सहित लॉरी मौके से फरार हो गई। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

अभिषेक मंडल की असमय मृत्यु की सूचना मिलते के बाद दक्षिणपड़शुड़ा गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।