cyber crime_558

बोकारो, 8 जुलाई। बोकारो पुलिस ने दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। प्रतिबिम्ब ऐप से मिली सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 7 जुलाई को साइबर टीम और तकनीकी शाखा ने संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान पटेलनगर से रोहित कुमार दास और अंबेडकरपुरी, चास से अर्जुन कुमार दास को दबोचा गया।

पूछताछ में दोनों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि वे व्हाट्सअप ग्रुप बनाकर संगठित तरीके से लोगों को बैंक अधिकारी और क्रेडिट कार्ड कर्मचारी बनकर कॉल करते थे तथा झांसे में लेकर क्यूआर कोड भेज कर ठगी की कोशिश करते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने साइबर अपराध में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, 9,400 रुपये नकद और मोबाइल नंबरों की सूची बरामद की है।

पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है। इस संबंध में साइबर अपराध थाना, बोकारो में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह जानकारी मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में दी।