hf

कोलकाता, 07 जुलाई । तारातला दुर्घटना में मृतकों के परिजनों और घायलों के साथ राज्य सरकार खड़ी हुई है। मंगलवार को नवान्न सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृतकों के परिजनों को सरकारी आर्थिक सहायता के चेक तथा घायलों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए अनुदान प्रदान किया। कार्यक्रम में राज्य के कई मंत्री, मुख्य सचिव, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस क्षति की भरपाई किसी भी तरह संभव नहीं है। इसके बावजूद मानवीय दायित्व के तहत राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और भविष्य में भी उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने बताया कि घायलों के उपचार का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। आवश्यकता के अनुसार, उनके पुनर्वास तथा अन्य सरकारी सहायता भी सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासन को जांच के निर्देश दिए गए हैं। दोषियों के विरुद्ध कठोर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक निवारक उपाय करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक-एक कर मृतकों के परिजनों को मुआवजे के चेक सौंपे। घायलों को उपचार संबंधी सहायता के दस्तावेज भी प्रदान किए गए। इसके बाद उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।