पलामू, 07 जुलाई । पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के सिमरसोत गांव के पास जपला-हैदरनगर मुख्य सड़क पर मंगलवार को एक पिकअप सवारी गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में टेम्पो पर सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद 60 वर्षीय बिहारी पासवान को मृत घोषित कर दिया। मृतक सहित सभी घायल हैदरनगर थाना क्षेत्र के सरहु लपेया गांव के निवासी बताये गए हैं।
घायलों में कलावती देवी (45 वर्ष) की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं नन्हकी देवी (40 वर्ष), अंजलि कुमारी (3 वर्ष) और परमशीला देवी (24 वर्ष) का अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में इलाज किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी तंजीलुल मनान मनौवर ने बताया दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
इधर जानकारी मिली है कि मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ हैदर नगर -जपला मुख्य सड़क को कुकही मोड़ के पास जाम कर दिया गया है। सूचना मिलने पर हैदर नगर पुलिस मौके पर पहुंचकर ग्रामीण और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।
