गिरिडीह, 06 जुलाई ।गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।
एसडीपीओ आबिद खान ने सोमवार को बताया कि रविवार को पीरटांड थाना इलाके के हरकटवा में पत्नी की हत्या कर शव को नाला में फेंक दिया था। हरकटवा नाला में एक महिला की सड़ी-गली लाश मिली थी। जानकारी मिलते ही पीरटांड पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाते हुए पीरटांड थाना में मामला दर्ज किया गया। घटना को एसपी डॉ बिमल कुमार ने गंभीरता से लेते हुए डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड का उद्भेदन करते हुए पीरटांड थाना इलाके के धावाटांड टोला निवासी आरोपित पति मुन्नालाल किस्कू को गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपित से पूछताछ की गई तो उसने जुर्म स्वीकार किया। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपित घटना के दिन पत्नी के मोबाइल पर एक अन्य युवक का फोन आने से वह आक्रोशित हो गया। आवेश में उसने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने की नीयत से हरकटवा नाला में शव फेंक दिया था। शव किसी को न दिखे इसलिए उसके ऊपर खेत से लाया गया घास डाल दिया और घर लौटकर सामान्य व्यवहार करता रहा। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या स्थल की पहचान कर वहीं घटनास्थल के समीप झाड़ियों से मृतका की एक जोड़ी चप्पल भी बरामद की।
