नई दिल्ली, 23 जून। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य और मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। यह निर्णय भारत के संविधान के अनुच्छेद 75 के खंड (2) के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सलाह पर लिया गया।
जॉर्ज कुरियन का छह साल का राज्यसभा कार्यकाल 21 जून को पूरा हो गया था।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता 65वर्षीय कुरियन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली तीसरी केंद्रीय कैबिनेट में राज्य मंत्री के तौर पर काम कर रहे थे। वह 1980 में पार्टी के गठन के समय से ही इसके सदस्य रहे हैं।
