रांची, 21 जून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट को लेकर राजधानी रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर रविवार सुबह से ही परीक्षार्थियों की भारी भीड़ नजर आई। डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित डोरंडा कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले ही पहुंचने लगे।
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई। अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। सुरक्षा कर्मियों द्वारा मेटल डिटेक्टर से जांच की गई तथा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया गया।
केंद्र के बाहर अभिभावकों की भी बड़ी संख्या मौजूद रही। कई अभिभावक अपने बच्चों को शुभकामनाएं देने और परीक्षा समाप्त होने तक केंद्र के बाहर इंतजार करते नजर आए। परीक्षा केंद्र के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। केंद्र परिसर में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।
गौरतलब है कि नीट देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक है, जिसके माध्यम से MBBS, BDS एवं अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह के साथ-साथ आत्मविश्वास भी देखने को मिला।
धनबाद में नीट परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न
धनबाद में रविवार को आयोजित नीट (यूजी) परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। जिले के ०7 परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा खत्म होने के बाद केंद्रों से बाहर निकले छात्र-छात्राओं ने बताया कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त थी।
परीक्षार्थियों के मुताबिक पिछले परीक्षा की तुलना में इस बार का पेपर थोड़ा कठिन रहा। बायोलॉजी और केमिस्ट्री के सवाल मध्यम स्तर के थे, जबकि फिजिक्स के प्रश्न काफी लंबे और उलझाने वाले थे।
छात्रों ने कहा कि पिछले पेपर लीक विवाद और दोबारा परीक्षा होने की वजह से मानसिक दबाव बना हुआ था। कम समय में दोबारा तैयारी करनी पड़ी, जिससे परेशानी हुई। अब परीक्षार्थियों ने उम्मीद जताई है कि इस बार परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष रहे और किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
