पश्चिमी सिंहभूम, 14 जून । पश्चिमी सिंहभूम जिले में सेल प्रबंधन की ओर से 15 जून से सभी खदानों में बायोमेट्रिक हाजिरी प्रणाली लागू करने के निर्णय का श्रमिक संगठनों ने कड़ा विरोध किया है। रविवार को मेघाहातुबुरु स्थित सामुदायिक भवन में संयुक्त मोर्चा की विशेष बैठक अध्यक्ष दीपक राम की अध्यक्षता में हुई, जिसमें एटक, इंटक (चौबे गुट एवं दुबे गुट), झारखंड मजदूर संघर्ष संघ, भारतीय मजदूर संघ, झारखंड माइंस मजदूर यूनियन, एचएमएस, सीटू और ऑल झारखंड माइंस वर्कर्स यूनियन सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में नेताओं ने कहा कि बायोमेट्रिक हाजिरी से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है और अंतिम आदेश आने तक कोई भी श्रमिक मशीन पर उपस्थिति दर्ज नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि पुरानी व्यवस्था के तहत टाइम ऑफिस में कार्ड पंचिंग और रजिस्टर से ही हाजिरी बनाई जाएगी। यूनियनों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने श्रमिक संगठनों से बिना संवाद किए नई व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है।
संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि टाइम ऑफिस बंद किए गए तो श्रमिक वहीं एकत्र होकर रजिस्टर पर उपस्थिति दर्ज करेंगे। नेताओं ने 39 माह के एरियर, पर्क्स, बेहतर चिकित्सा सुविधा और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति जैसी लंबित मांगों का भी मुद्दा उठाया। दीपक राम ने कहा कि 15 जून को सुबह 5:30 बजे सभी श्रमिक टाइम ऑफिस पहुंचकर शांतिपूर्ण विरोध करेंगे।
बैठक में संतोष कुमार पांडा, बीर सिंह मुंडा, इंतखाब आलम, गुंजन कुमार, अनिल टोपनो, बीरबल गुड़िया, अमरनाथ यादव, आलम अंसारी, एस. होरो, अबरार अहमद, कामता प्रसाद, जगजीत सिंह गिल, धनी राम लकड़ा, अर्जुन सिंह पूर्ति, नईम आलम और दयानंद कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रमिक नेता मौजूद रहे।
