f

पूर्वी सिंहभूम, 14 जून ।

जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित खासमहल से गोविंदपुर तक निर्माणाधीन सड़क परियोजना का काम एक बार फिर शुरू हो गया है। लंबे समय से अधर में लटकी इस सड़क के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी थी। सड़क निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता दुलाल भुईयां के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने आंदोलन छेड़ रखा था। लगातार बढ़ते जनदबाव का असर हुआ और आखिरकार निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया।

सड़क निर्माण शुरू होने के बाद क्षेत्र में राहत और संतोष का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। आंदोलन के माध्यम से लोगों ने अपनी आवाज बुलंद की, जिसके बाद जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को मामले में सक्रिय होना पड़ा।

निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने के साथ ही रविवार को जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी भी मौके पर पहुंचे और चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा तय मानकों के अनुरूप तेजी से कार्य पूरा किया जाए।

विधायक ने कहा कि खासमहल से गोविंदपुर तक की सड़क क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। कुछ तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से निर्माण कार्य बाधित हो गया था, लेकिन अब सभी अड़चनों को दूर कर काम फिर से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सकेगी।

वहीं स्थानीय चमन तिवारी और अन्य लोगों का मानना है कि पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां और क्षेत्रवासियों के आंदोलन ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप बंद पड़ा निर्माण कार्य फिर से शुरू हो सका। सड़क निर्माण शुरू होने से अब लोगों को जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।