
पूर्वी सिंहभूम, 14 जून । टाटा स्टील की सुरक्षा टीम ने रविवार तड़के एक बड़ी चोरी की घटना को विफल करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के पास से करीब 79 किलोग्राम तांबे की केबल बरामद की गई है, जिसे कथित तौर पर प्लांट परिसर से चोरी कर बाहर ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
सुरक्षा विभाग को मिली गोपनीय सूचना के बाद सुबह लगभग 4:30 बजे जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील प्लांट के भीतर विशेष निगरानी और जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को कंपनी की मूल्यवान सामग्री के साथ पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में कॉपर केबल बरामद हुई।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान जुगसलाई निवासी मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शहबाज और मुबारक अली के रूप में हुई है।
सुरक्षा अधिकारियों ने तीनों से प्रारंभिक पूछताछ की और इसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए उन्हें बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंपने की कार्रवाई शुरू कर दी।
टाटा स्टील प्रबंधन का कहना है कि सुरक्षा टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण कंपनी की संपत्ति को नुकसान पहुंचने से बचा लिया गया।
घटना के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निगरानी तंत्र को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि टाटा स्टील की ओर से चोरी के आरोप में तीन लोगों को पुलिस के हवाले किया गया है।
मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं तथा आरोपितों का कोई आपराधिक इतिहास रहा है या नहीं।


















