मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी शिविर

260 को मिलेंगे चश्‍मे , 90 के होंगे निशुल्‍क ऑपरेशन

ओंकार समाचार 

कोलकाता, 22 मार्च। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी की ओर से रविवार को पश्चिम बंगाल में तीन स्‍थानों पर   निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं  स्‍वास्‍थ्‍य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।

एक शिविर अरियादह-दक्षिणेश्वर नागरिक कल्याण समिति के सहयोग से दक्षिणेश्वर में, एक शिविर  रामकृष्णपुरम बयाम समिति के सहयोग से शिवपुर (हावड़ा) में तथा एक अन्‍य शिविर मिलन संघ के सहयोग से श्यामनगर में आयोजित किया गया।

तीनों शिविरों में कुल मिलाकर लगभग 860 मरीजों की जांच की गई। इन शिविरों में मरीजों की मरीजों की ब्‍लड शुगर, ब्लड प्रेशर और अन्‍य सामान्य जांचें निशुल्‍क की गई।

नेत्र परीक्षण के दौरान 260 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 90 मरीजों में मोतियाबिंद ऑपरेशन की जरूरत चिन्हित की गई। मोतियाबिंद से पीडि़त मरीजों के ऑपरेशन आगामी दिनों में मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्‍पताल कोलकाता में निशुल्‍क किए जाएंगे।

कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ.मलय दास, डॉ. सुबेंदु देवनाथ, डॉ. के.के. राय, डॉ. शंकर मंडल और डॉ. सुकांतो राय का योगदान सराहनीय रहा।

दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है। सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।

अस्‍पताल में मौजूद होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्‍क देते हैं। यहां चिकित्‍सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्‍क उपलब्‍ध कराई जाती है। अस्‍पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।

नि:शुल्‍क सर्वाइकल वैक्‍सीन

सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्‍सीन नि:शुल्‍क देने का अभियान शुरू किया है।