तस्कर गिरफ्तार

पलामू , 02 जनवरी। झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत माधुरी जंगल से पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 64.3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त गढ़वा जिले के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब एक लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान मुमताज खान, पिता ईशहाक खान, साकिन साई मोहल्ला, थाना गढ़वा (शहर), जिला गढ़वा के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार मुमताज माधुरी जंगल और उसके आसपास के इलाकों में ब्राउन शुगर की बिक्री करता था।

पलामू की पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि माधुरी जंगल क्षेत्र में ब्राउन शुगर की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पड़वा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ब्राउन शुगर जैसा दिखने वाला पदार्थ बरामद हुआ। जांच में यह पुष्टि हुई कि दोनों पैकेट में ढेले के रूप में कुल 64.3 ग्राम ब्राउन शुगर है। इसमें एक पैकेट से 54 ग्राम और दूसरे पैकेट से 9.5 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। इसके अलावा आरोपी के पास से पोको कंपनी का एक मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले छह महीने से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त था। उसने बताया कि वह बिहार के सासाराम और गढ़वा से ब्राउन शुगर लाकर पड़वा तथा डालटनगंज के अन्य इलाकों में इसकी सप्लाई करता था। आरोपी एक पुड़िया ब्राउन शुगर को करीब 2700 रुपये में बेचता था।

एक प्रश्न के उत्तर में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अक्सर छोटे तस्करों की गिरफ्तारी के बाद बड़े तस्कर अपनी पहचान बदल लेते हैं, जिससे उन्हें चिन्हित करना कठिन हो जाता है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की टीम लगातार प्रयासरत है और बड़े तस्करों तक पहुंचने के लिए नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।