
ओंकार समाचार
कोलकाता, 17 अगस्त। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार को दो स्थानों पर नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किए गए। एक शिविर संकट मोचन हनुमान मंदिर के सहयोग से कोलकाता के तेघरिया में और दूसरा शिविर भारत सेवक संघ के सहयोग से वर्धमान जिले के शिमलागढ़ में लगाया गया। इन शिविरों में 610 मरीजों की जांच की गई।
शिविर में आए सभी मरीजों की ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच के साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
नेत्र परीक्षण के दौरान 135 मरीजों में चश्मे की जरूरत पाई गई, जबकि 28 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई। मोतियाबिंद पाए गए मरीजों का ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में नि:शुल्क किया जाएगा।
शिविर में चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। मोतियाबिंद के मरीजों को आगे के उपचार और ऑपरेशन के लिए अस्पताल में सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
गया। कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. शैलेश साहू, डॉ. सुकांतो राय और डॉ. शंकर मंडल का सराहनीय योगदान रहा।
अजय दिवाकर ने बताया कि संस्था की ओर से जरूरतमंद लोगों तक नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।


















