कोलकाता, 19 मई । गुजरात के एक व्यापारी के दो कर्मचारियों को कारोबारी सौदे के बहाने कोलकाता बुलाकर उनसे 42 लाख रुपये लूटने और उनके अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने नकदी लूटने के बाद दोनों कर्मचारियों को जबरन कार में बिठाया और बाद में हावड़ा जिले के कोना एक्सप्रेस-वे पर उन्हें छोड़कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गुजरात के व्यापारी ने कोलकाता पहुंचकर सर्वे पार्क थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने डकैती और अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना इसी महीने के पहले सप्ताह में दक्षिण कोलकाता के सर्वे पार्क इलाके में हुई थी। गुजरात के गांधीनगर निवासी व्यापारी से कुछ लोगों ने कारोबारी सौदे के सिलसिले में संपर्क किया था। आरोपितों ने खुद को कारोबारी बताते हुए कोलकाता से गुजरात माल भेजने की बात कही।आरोपितों ने व्यापारी से कहा कि यदि वह 42 लाख रुपये का भुगतान कर दे तो माल तुरंत भेज दिया जाएगा। सौदा तय होने के बाद व्यापारी ने अपने दो कर्मचारियों को नकदी लेकर कोलकाता भेजा।
कोलकाता पहुंचने पर दोनों कर्मचारियों को दक्षिण कोलकाता के न्यू संतोषपुर इलाके स्थित एक मकान में ले जाया गया। वहां उनसे नकदी देने को कहा गया, जबकि कर्मचारियों ने बदले में माल की डिलीवरी मांगी। आरोप है कि इसी दौरान दोनों को कमरे में बंद कर दिया गया।
शिकायत के मुताबिक, करीब छह हथियारबंद लोगों ने कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर धमकाया और 42 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। दोनों कर्मचारियों ने दरवाजा पीटकर बाहर निकलने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। बाद में आरोपितों ने दोनों कर्मचारियों को यह कहकर कार में बिठाया कि उन्हें हावड़ा स्टेशन छोड़ा जाएगा लेकिन उन्हें कोना एक्सप्रेस-वे पर उतारकर आरोपित फरार हो गए।
किसी तरह दोनों कर्मचारी हावड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से गुजरात लौटकर व्यापारी को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद व्यापारी सोमवार को कोलकाता पहुंचे और सर्वे पार्क थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब उस मकान की पहचान करने की कोशिश कर रही है जहां कर्मचारियों को बंधक बनाकर रखा गया था। साथ ही आरोपितों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, वाहन और कोलकाता तथा हावड़ा के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
