ओंकार समाचार
कोलकाता, 1 जुलाई। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से बुधवार को रोटरी क्लब ऑफ विजनरी के सहयोग से हावड़ा जिले के रानीहटी (आमता) में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में लगभग 290 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी मरीजों की मधुमेह की जांच की गई, जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया
नेत्रपरीक्षण के दौरान 140 लोगों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, 15 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित मिले। मोतियाबिंद से पीडि़त मरीजों के ऑपरेशन आगामी दिनों में मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल, कोलकाता में निःशुल्क किए जाएंगे।
शिविर समन्वयक अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास एवं डॉ. शंकर मंडल का सराहनीय योगदान रहा।
उन्होंने बताया कि संस्था भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों के लिए ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित करती रहेगी।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
