पूर्वी सिंहभूम, 07 अप्रैल । उत्पाद विभाग ने सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर 06 अप्रैल छापेमारी अभियान के दौरान उलीडीह स्थित डिमना रोड पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक ऑटो से 264 प्लास्टिक बोतलों में भरी अवैध विदेशी शराब बरामद की है, जिसे अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था।
ऑटो चालक अभिमन्यु कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में शराब तस्करी से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
गिरफ्तार चालक को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वहीं इस मामले में संलिप्त कुख्यात शराब कारोबारी नीरज गुप्ता सहित उसके अन्य सहयोगियों के खिलाफ भी उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। विभाग की ओर से उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
