____ ____

बोकारो, 23 फरवरी। बोकारो रेलवे स्टेशन परिसर स्थित टेंपू स्टैंड पर सचिन यादव नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी बलराम विश्वकर्मा उर्फ भोलू ने पीछे से पीठ में दो गोलियां मारीं और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल सचिन यादव को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि आरोपी भोलू का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई मामलों में जेल जा चुका है।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व सचिन यादव और आरोपी के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसे बाद में आपसी समझौते से सुलझा लिया गया था। प्रत्यक्षदर्शी चंदन यादव ने बताया कि घटना के समय सचिन टेंपू स्टैंड में बैठा था। इसी दौरान आरोपी अपने एक सहयोगी के साथ वहां पहुंचा और पीछे से गोली मार दी। गोली चलाने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक के भाई ने इसे कायरतापूर्ण कृत्य बताते हुए कहा कि सचिन को पीठ पीछे गोली मारी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही झारखंड मुक्ति मोर्चा के महानगर अध्यक्ष मंटू यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से सरकार की छवि धूमिल होती है। उन्‍होंने कहा कि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजना चाहिए। उन्होंने जीआरपी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटना के बाद जीआरपी काफी देर से मौके पर पहुंची।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।