shub

कोलकाता, 27 अगस्त। न्यूटाउन में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी एलएंडटी के नए विशाल कार्यालय परिसर ‘आनंद निकेतन’ का गुरुवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उद्घाटन किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर परिसर का उद्घाटन किया। करीब 7.48 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैले इस कार्यालय से राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि न्यूटाउन स्थित इस परिसर में कुल 5,800 लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने पश्चिम बंगाल के उन कुशल और प्रतिभाशाली लोगों से राज्य लौटने की अपील की, जो बेहतर अवसरों की तलाश में बेंगलुरु, हैदराबाद या विदेश चले गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “कृपया वापस आइए। यहां डबल इंजन सरकार स्थापित हुई है।”

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अलावा विधायक पीयूष कनोरिया भी मौजूद रहे। कार्यालय का उद्घाटन करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि डबल इंजन सरकार राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एलएंडटी का यह नया परिसर इस बात का संदेश है कि पश्चिम बंगाल फिर से देश में शीर्ष स्थान हासिल कर सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और छोटे उद्योगों तथा उद्यमों को भी हरसंभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में और अधिक निवेश होगा।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “राज्य में कुशल कर्मचारियों की कोई कमी नहीं है। पिछली सरकार योग्य लोगों को सम्मान नहीं दे सकी। लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। युवाओं को अब राज्य छोड़ने की जरूरत नहीं होगी। बंगाल के पुनर्निर्माण के लिए डबल इंजन सरकार प्रतिबद्ध है। हमें उम्मीद है कि पश्चिम बंगाल में और निवेश आएगा। पश्चिम बंगाल को नए सिरे से विकसित करना हमारा लक्ष्य है।”