हत्या के आरोप में छोटा भाई गिरफ्तार

पलामू, 08 अप्रैल । पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत ताल पंचायत के ठेकही गांव में बड़े भाई की टांगी से हमला कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपित छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सींटू भुइयां (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल की रात उसने शराब के नशे में अपने बड़े भाई पिंटू भुइयां उर्फ पिंटू कुमार से विवाद किया। विवाद इतना बढ़ गया कि सींटू ने टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

इस घटना के संबंध में मृतक की पत्नी रजंती देवी (33) ने 6 अप्रैल को पांकी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।

गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को पुलिस ने उसे उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन, अनुसंधानकर्ता गणेश मुंडा, रविन्द्र राहुल साय, ताल पिकेट प्रभारी मुरारी दास सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे।