पूर्वी सिंहभूम, 28 अप्रैल । विख्यात साहित्यकार डॉ. सी. भास्कर राव की धर्मपत्नी, प्रख्यात लेखिका, रंगकर्मी एवं शिक्षाविद डॉ. सूर्या राव का मंगलवार दोपहर लगभग 12:30 बजे निधन हो गया। वे 82 वर्ष की थीं।
डॉ. सूर्या राव पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और उनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में जारी था। उपचार के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही साहित्यकारों, शिक्षाविदों और रंगमंच से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
डॉ. सूर्या राव ने अपने जीवनकाल में साहित्य, शिक्षा और रंगमंच के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे एक संवेदनशील लेखिका होने के साथ-साथ एक समर्पित शिक्षाविद और सक्रिय रंगकर्मी भी थीं। उनके कार्यों और व्यक्तित्व ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया।
उनकी अंतिम यात्रा बुधवार 29 अप्रैल को सुबह लगभग 10:30 बजे उनके निवास स्थान से निकलेगी, जिसके बाद पार्वती घाट में दिन के 11:00 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शहर के विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है।
