पश्चिम बंगाल में आज मौसम रहेगा सामान्य, उत्तर बंगाल में गरज-चमक की संभावना
कोलकाता, 02 अक्टूबर । पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को मौसम मुख्यतः सामान्य रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय मौसम केंद्र, कोलकाता के अनुसार गंगा तटीय पश्चिम बंगाल के लिए आज कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, उत्तर बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
कोलकाता और दक्षिण बंगाल के जिलों में दिन के समय गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है। अलीपुर में शुक्रवार तड़के 2.30 बजे तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस और सापेक्ष आर्द्रता 92 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर बंगाल में आज और शनिवार को गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल के तटीय हिस्सों में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। हालांकि समुद्र की स्थिति सामान्य से हल्की रहने का अनुमान है और पश्चिम बंगाल तट के लिए फिलहाल कोई तूफानी चेतावनी जारी नहीं की गई है। दक्षिण बंगाल में फिलहाल बड़े पैमाने पर भारी बारिश की स्थिति नहीं है। आने वाले दिनों में मौसम मुख्यतः सामान्य रहने की संभावना है।
