नई दिल्ली, 18 जुलाई । पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक को 20 दिन के अनशन के बाद तबीयत बिगड़ने पर शनिवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल ने बताया कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन लंबे समय तक उपवास और शरीर में पानी की कमी के कारण उन्हें लगातार चिकित्सकीय निगरानी और उपचार की आवश्यकता है।
शनिवार को मीडिया को जारी बयान में सफदरजंग अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चारु बंबा ने बताया कि “सोनम वांगचुक सुबह लगभग 7:40 बजे हमारे अस्पताल पहुंचे। लंबे समय तक उपवास के कारण उन्हें कुछ कमजोरी महसूस हो रही है और शरीर में पानी की कमी है। इसके अलावा उनके सभी महत्वपूर्ण जरूरी स्वास्थ पैरामीटर्स सामान्य और स्थिर हैं। उनकी लगातार जांच और निगरानी की जा रही है तथा इलाज चल रहा है।
उन्होंने बताया कि वांगचुक पूरी तरह होश में हैं और उनकी स्थिति स्थिर है। अस्पताल पहुंचने पर सबसे पहले इमरजेंसी मेडिसिन विभाग ने उनका परीक्षण किया, जिसके बाद उन्हें मेडिसिन विभाग में भर्ती कर लिया गया। शरीर में पानी की कमी के कारण उनके इलेक्ट्रोलाइट्स (जैसे सोडियम, पोटैशियम आदि) का संतुलन प्रभावित हुआ है। डॉक्टर पहले इसे ठीक करेंगे और फिर उनकी स्थिति की दोबारा समीक्षा करेंगे।”
