
जामताड़ा, 10 सितम्बर। जिले के दक्षिणबहाल स्थित जोड़ियां में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। करीब आधी रात 12 बजे एक वैगनआर कार अचानक तेज पानी के बहाव में बह गई। कार में पांच लोग सवार थे, जो सभी जामताड़ा के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे में चार लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन वेद प्रकाश नामक युवक धारा में बह गया। उसकी तलाश जारी है। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अजय नदी तक सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही ठोस जानकारी मिलने की संभावना है।
गौरतलब है कि दक्षिणबहाल का पुल कुछ माह पूर्व भारी बारिश में बह गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने अस्थायी डायवर्जन बनाकर आवाजाही शुरू की थी। वैकल्पिक व्यवस्था न होने से लोग इसी रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। इसी दौरान यह गंभीर हादसा हुआ।
घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। प्रशासन और बचाव दल मौके पर डटे हुए हैं।






