-तुषार खमारी मौत मामले में मुआवजे और पेट्रोल पंप मालिक पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग
पूर्वी सिंहभूम, 28 अगस्त । जमशेदपुर के सोनारी स्थित झाबरी बस्ती निवासी तुषार खमारी की काम के दौरान हुई मौत के मामले में भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और गोलमुरी स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप के मालिक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोनों मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह मृतक के परिजनों के साथ उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन करेंगे।
विकास सिंह ने शुक्रवार को कहा कि तुषार खमारी की गुरुवार को काम के दौरान मौत हुई है। ऐसे में उसके परिवार को नियमानुसार मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएनजी सप्लाई के दौरान पाइप फटने की घटना पेट्रोल पंप पर उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव में लापरवाही की ओर संकेत करती है। उन्होंने कहा कि कथित लापरवाही के कारण एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया।
उन्होंने पेट्रोल पंप प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीएनजी जैसे संवेदनशील उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव बेहद जरूरी है। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पेट्रोल पंप मालिक की भूमिका भी जांची जाए।
विकास सिंह ने बताया कि तुषार खमारी उनके द्वारा आयोजित कांवर यात्रा से भी जुड़ा हुआ था। सोनारी की झाबरी बस्ती में जिस मकान में तुषार रहता था, वहां रहने वाले उसके रिश्तेदार हर वर्ष बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से आयोजित निशुल्क कांवर यात्रा में शामिल होते हैं। इस वजह से तुषार और उसके परिवार से उनका व्यक्तिगत जुड़ाव भी रहा है।
उन्होंने कहा कि तुषार को केवल एक मजदूर समझकर उसके परिवार की मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उसके परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है और उन्हें न्याय तथा आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह मृतक के परिजनों के साथ खड़े हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
विकास सिंह ने जमशेदपुर के उपायुक्त से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो और मृतक के परिवार को नियमानुसार उनका हक दिलाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मुआवजे और पेट्रोल पंप मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वह मृतक के परिजनों के साथ उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन शुरू करेंगे।
