सब्जी विक्रेता की पीट कर हत्या

पलामू, 7 अप्रैल। पलामू जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत केल्हवा साप्ताहिक बाजार में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक सब्जी विक्रेता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

मृतक की पहचान पांकी के गढ़गांव निवासी अब्दुल बारिक मियां उर्फ करीमन (51) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, अब्दुल बारिक मियां रोज की तरह बाजार में सब्जी बेचने गए थे। इसी दौरान एक युवक मुर्गा खरीदने आया, लेकिन भीड़ के कारण दुकानदार ने मुर्गा काटकर देने से मना कर दिया और जिंदा मुर्गा ले जाने को कहा। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अब्दुल बारिक मियां बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन युवक मौके से फरार हो गया।

बताया जाता है कि बाद में मुर्गा विक्रेता ने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया और विवादित युवक की तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उसी गांव का रहने वाला अब्दुल बारिक मियां बाजार में मौजूद है। इसी आधार पर आरोपितों ने उन्हें घेर लिया और बेरहमी से पिटाई कर दी।

गंभीर रूप से घायल अब्दुल बारिक मियां को पहले पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें रांची के रिम्स ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। मंगलवार को ग्रामीणों ने विरोध स्वरूप हंगामा और सड़क जाम करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।

नितेश कुमार, थाना प्रभारी, ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और परिजनों के आवेदन पर मामला दर्ज किया जाएगा।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।