गिरिडीह, 18 सितंबर। सरिया प्रखंड के चिरुआ सरीफ गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। उत्क्रमित उच्च विद्यालय कपिलो में कक्षा 9 की छात्राएं जाहिदा खातून और गुलाब शाह परवीन की कुएं में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चियां रोज की तरह स्कूल से घर लौट रही थीं। रास्ते में खेलते-खेलते वे गांव के एक पुराने और जर्जर कुएं के पास पहुंच गईं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और दोनों गहरे कुएं में जा गिरीं।
चीख-पुकार सुनते ही गांव के लोग दौड़े और रस्सी के सहारे दोनों को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर जैसे ही फैली, गांव का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण इस हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बता रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में मौजूद सभी पुराने और असुरक्षित कुओं को ढकवाने या पाटने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाएं टाली जा सकें।
सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आवेदन या फर्द बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
