5

पश्चिमी सिंहभूम, 19 दिसंबर । पश्चिम सिंहभूम जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ तांतनगर पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को की गई कार्रवाई में पुलिस ने बिना वैध परमिट के बालू ढो रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा किया है। इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार तांतनगर थाना प्रभारी अरविंद कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दारा और तुईबाना गांव के आसपास छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दो ट्रैक्टरों को रोका गया, जिन पर अवैध रूप से बालू लदा हुआ था। जांच के दौरान चालक बालू परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया।

पुलिस ने जब्त वाहनों के संबंध में आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए खनन विभाग को पत्र भेज दिया है। मामले में खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

तांतनगर पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ कई बार कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद यह धंधा पूरी तरह बंद नहीं हो पा रहा है।

तांतनगर ओपी प्रभारी पीयूष नाग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि थाना क्षेत्र में किसी भी हाल में अवैध बालू खनन या परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई ट्रैक्टर या अन्य वाहन अवैध बालू खनन करते हुए पकड़ा गया तो वाहन के साथ-साथ मालिक और संबंधित लोगों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि अवैध बालू खनन से सरकार को भारी राजस्व नुकसान होता है और इसका सीधा असर पर्यावरण पर पड़ता है, जिससे नदियों और आसपास के इलाकों को नुकसान पहुंचता है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध बालू खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।