कोलकाता, 04 फरवरी । कोलकाता पुलिस ने बस में यात्रा के दौरान बिहार के एक दंपती से सोने के जेवर, नकदी और दस्तावेज चोरी करने के आरोप में एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि चोरी हुआ सारा सामान बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार युवती का नाम पिंकी रॉय (26) है। वह आसनसोल की निवासी बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरफ्तारी मंगलवार देर रात गिरिश पार्क थाना में दर्ज शिकायत के आधार पर की गई। पीड़ित दंपती बिहार के रहने वाले हैं और घटना 22 जनवरी की दोपहर की बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बिहार के कटिहार जिले के निवासी संदीप कुमार अपनी पत्नी के साथ उत्तर कोलकाता के महाजाती सदन से एक बस में सवार हुए थे। बस से उतरने के बाद उन्हें पता चला कि उनका बैग गायब है। बाद में जांच करने पर मालूम हुआ कि बैग में रखे सोने के आभूषण, नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए हैं।
शिकायत के अनुसार, संदीप कुमार की पत्नी के बैग से दो सोने की चूड़ियां, एक हार और एक ब्रेसलेट चोरी हुए थे, जिनका कुल वजन करीब 53 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा 25 हजार रुपये नकद और मूल आधार कार्ड भी बैग में रखा हुआ था।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए पिंकी रॉय को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों के पूछताछ के दौरान आरोपित महिला के पास से चोरी गई नकदी, सोने के जेवर और संदीप कुमार के दस्तावेज बरामद कर लिए गए हैं। आरोपित को पांच फरवरी को अदालत में पेश किया जाएगा।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि समय पर की गई कार्रवाई और जांच में तेजी के कारण आरोपित महिला को पकड़ने में सफलता मिली। हालांकि, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
