पलामू, 27 मार्च । जिले के हुसैनाबाद और पाटन थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान दो सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी। वहीं तीन घायल हो गए। जख्मी का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया जा रहा है।
हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत जपला-दंगवार मुख्य सड़क के नदीआईंन गांव के समीप पिकअप वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गयी, जबकि उसी बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतक की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिला के खैरा थाना क्षेत्र के मांगाबाद गांव निवासी उदय राम का पुत्र रंजन कुमार (20) के रूप में की गयी है, जबकि घायल युवक तक्षक कुमार (19) औरंगाबाद जिले के कजराई गांव का बताया जाता है।
दोनों घायलों को दंगवार ओपी प्रभारी सोनू गुप्ता और स्थानीय लोगों की सहयोग से अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रंजक कुमार की जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल तक्षक कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार रंजन कुमार अपने बहनोई श्रवण राम के घर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के ऊपरी गांव जा रहा था। बहन के घर पहुंचने के पूर्व सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद बसपा के वरिष्ठ नेता शेर अली, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती, प्रणव सुमन, देवरी पंचायत के मुखिया मनोज भारती अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढाढस बंधाया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से उचित मुआवजा की भी मांग की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को उसके परिजनों को सौंप दिया।
ओपी प्रभारी सोनू गुप्ता ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक दंगवार ओपी चेकनाका के पहले वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर ओपी ले आयी है।
इधर, दूसरी घटना पाटन थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में बंगाल के चौबीस परगना गांव निवासी ओबिजीत जाना (40) की मौत हो गई। ऑटो चालक सोनू कुमार (32) और सिबना मंडोल (35) घायल हो गए।
बताया गया कि तीनों बीती रात ऑटो से पड़वा मोड़ पर रामनवमी कार्यक्रम देखने जा रहे थे, तभी रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद ओबिजीत जाना और सिबना मंडोल को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने ओबिजीत जाना को मृत घोषित कर दिया।
