185 को मिलेंगे चश्मे, 39 के होंगे निशुल्क ऑपरेशन
कोलकाता, 27 मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी की ओर से शुक्रवार 27 मार्च को दो स्थानों पर नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। एक शिविर अनाथ बंधु संस्था के सहयोग से हल्दिया में, दूसरा शिविर धुर्वा महिला मंडल ‘आमरा पदातिक’ के सहयोग पुरूलिया में आयोजित किया गया।

दोनों शिविरों में लगभग 665 रोगियों का उपचार किया गया। शिविरों में आए मरीजों की ब्लड शुगर ब्लड प्रेशर, ईसीजी एवं सामान्य स्वास्थ्य जांचें निशुल्क की गई। नेत्र परीक्षण के दौरान 185 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 39 रोगियों में मोतियाबिंद की पहचान हुई। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में किए जाएंगे।
शिविर संयोजक अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लादरॉय गोयनका की प्रेरणा आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. सुकांतो राय एवं डॉ. ए. के. सिंह सहित संस्था के कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।
अजय दिवाकर ने बताया कि संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगी, ताकि स्वास्थ्य सुविधाएं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकें।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
