पाकुड़, 10 जून। जिले के सिंगारसी-अमड़ापाड़ा मुख्य सड़क स्थित मालीपाड़ा ढलान पर मंगलवार देर रात बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई । जिससे बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।हादसे में ओलेन मुर्मू (64) और राजेश टुडू (16) की मौके पर ही मौत हो गई। 30 से अधिक लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई लोगों का उपचार चल रहा है।बताया जाता है कि बस बारात लेकर जा रही थी। मालीपाड़ा ढलान के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद बस सड़क किनारे पलट गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
