jam

पूर्वी सिंहभूम, 24 अक्टूबर। जमशेदपुर के सिदगोड़ा और टेल्को थाना क्षेत्रों में 24 घंटे के भीतर चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। सिदगोड़ा के भुइयांडीह स्थित लकड़ी टाल से चोर 20 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन ले गए। वहीं, टेल्को के लक्ष्मी नगर स्थित झगड़ू बागान में एक घर का ताला तोड़कर 30 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

पहली घटना सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह में बैंक ऑफ बड़ौदा और गजानंद स्टोर के बगल में स्थित लकड़ी टाल की है। यहां तड़के चोरों ने 20 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। वारदात में शामिल संदिग्ध युवक की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। स्थानीय स्तर पर उसकी पहचान बादल लोहार के रूप में किए जाने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि उक्त युवक को एक दिन पहले दोपहर में एक ट्रेलर से तार काटते हुए भी देखा गया था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। स्थानीय लोगों ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

दूसरी घटना टेल्को थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर स्थित झगड़ू बागान में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे हुई। स्थानीय निवासी धनंजय ठाकुर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह शौच के लिए घर से बाहर गए थे। कुछ देर बाद लौटने पर घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सामने के कमरे में रखे तीन मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद गायब मिले।

धनंजय ठाकुर के आवेदन पर टेल्को थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शनिवार को पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। इस मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध के पास से चोरी गया एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।

पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। साथ ही चोरी में शामिल अन्य संभावित आरोपितों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।