दाे आराेपित गिरफ्तार

पश्चिमी सिंहभूम, 04 अप्रैल । जिला स्थित मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हुए सुभाष बानरा हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि यह हत्या किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि मृतक के करीबी दोस्त ने पैसों के विवाद को लेकर साजिश रचकर करवाई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 28 मार्च को आचू पावर ग्रिड के पास सड़क किनारे सुभाष बानरा (25) का शव बरामद हुआ था। उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई थी। मृतक के पिता मुकुन्द बानरा के लिखित आवेदन पर मुफ्फसिल थाना में मामला दर्ज कराया था।

पुलिस की जांच में तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मृतक के दोस्त साऊ देवगम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसका सुभाष बानरा के साथ पैसों का पुराना लेन-देन था। बार-बार मांगने के बावजूद पैसा वापस नहीं मिलने से वह नाराज था। इसी कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिलाया।

साऊ देवगम के बयान के आधार पर पुलिस ने एक अन्य आरोपित गोविंद मुंदुुईया को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गोविन्द का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपितों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मामले का खुलासा करते हुए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल उद्भेदन किया।

प्रेस वार्ता में राज कुमार जेयराजु, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मी मौजूद थेे।