कोलकाता, 15 नवंबर । राजा राममोहन राय को ‘ब्रिटिशों का दलाल’ बताकर मध्य प्रदेश सरकार के एक मंत्री ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। बयान सामने आते ही पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और भाजपा पर ‘बंगाल विरोधी मानसिकता’ का आरोप लगाया है।
बिरसा मुंडा की जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि अंग्रेजों ने उपनिवेशकाल के दौरान अंग्रेजी शिक्षा के माध्यम से जनता के विश्वास को बदलने के लिए जिन भारतीयों को आगे बढ़ाया, उनमें राजा राममोहन राय भी शामिल थे।
मंत्री के अनुसार, “उस समय बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में अंग्रेजी शिक्षा के जरिए जनता की सोच बदलने के लिए एक चक्र काम कर रहा था। ब्रिटिशों ने कई भारतीयों को नकली समाज सुधारक बनाया। राजा राममोहन राय उन्हीं में से एक थे, जो ब्रिटिशों के दलाल की तरह काम करते थे।”
इस बयान के बाद तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। पार्टी के प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा, “जो लोग खुद अंग्रेजों की दलाली करते थे, वे आज राममोहन राय जैसे महान समाज सुधारक को दलाल बता रहे हैं। यही कारण है कि भाजपा को बंगाल विरोधी कहा जाता है। बंगाल की जनता इसका जवाब देगी।”
