bjp

हुगली, 14 फ़रवरी । हुगली जिले के शेवड़ाफूली में शुक्रवार देर रात भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई जिसमें दोनों पक्षों के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों अभीजित कर्मकार( भाजपा कार्यकर्ता) और सुरजीत सामंत(तृणमूल कार्यकर्ता) को गंभीर हालत में श्रीरामपुर वाल्श अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच आरोप प्रत्यारोप शुरू हो गया है।

भाजपा की ओर से बताया गया है कि शुक्रवार रात इलाके के एक केमिकल कारखाने से हो रहे प्रदूषण को लेकर भाजपा कार्यकर्ता प्रबंधन से बात करने जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान राधागोविंद पल्ली इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर वैद्यबाटी नगरपालिका के 20 नंबर वार्ड के पार्षद हरिदास पाल के नेतृत्व में बर्बर तरीके से हमला किया गया। घटना के बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की शिकायत थाने के दर्ज करवाई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घटना के विरोध में स्थानीय भाजपा नेता-कार्यकर्ताओं ने शेवड़ाफूली पुलिस चौकी के सामने विरोध-प्रदर्शन किया। घटना को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

बहरहाल, मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोपित पार्षद हरिदास पाल ने भारतीय जनता पार्टी पर ही इलाके में अशांति फैलाने का आरोप लगाया। हिन्दुस्थान समाचार को उन्होंने बताया कि रात के समय भाजपा कार्यकर्ता तृणमूल कांग्रेस द्वारा लिखे गए दीवारों पर भाजपा का पोस्टर लगा रहे थे। उसी समय दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इस घटना में सुरजीत सामंत नामक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हैं। उन्हें गंभीर हालत में श्रीरामपुर वाल्श अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पार्षद ने कहा कि उन्होंने बीच बचाव किया था। धक्का मुक्की में दोनों लोगों को चोट लगी है।