sdw

पश्चिम बर्दवान, 29 जुलाई । जिले के सालानपुर थाना इलाके में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। रूपनारायणपुर चौकी की पुलिस ने जीतपुर इलाके में छापेमारी कर बालू से लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया। इस मामले में ट्रैक्टर चालक उमेश सोरेन को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के करीब चार बजे रूपनारायणपुर चौकी की एक टीम ने जीतपुर इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान WB 37K 7960 नंबर का बालू लदा ट्रैक्टर रोका गया। चालक से बालू परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार उमेश सोरेन को बुधवार को ही आसनसोल अदालत में पेश किया गया। मामले की गहन जांच और बालू तस्करी गिरोह के मुख्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने अदालत से सात दिन की पुलिस हिरासत की मांग की है।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि जब्त ट्रैक्टर का मालिक लाल्टू मान्ना नामक व्यक्ति है। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि वह तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा हुआ है।

साथ ही आरोप है कि सुकुमार मंडल नामक एक व्यक्ति ने जीतपुर इलाके में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से बालू जमा कर रखा था और पुलिस की नजर से बचने के लिए रात के अंधेरे में उसे ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध बालू सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा बालू कहां से लाई जा रही थी। हालांकि, आरोपित व्यक्तियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर पुलिस की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।