अलीपुरद्वार, 04 अक्टूबर । बक्सा टाइगर रिजर्व में पर्यटन गतिविधियां अब नौ अक्टूबर तक बंद रहेंगी। ददरअसल बाघिन को लाए जाने के बाद वन विभाग ने 30 सितंबर से तीन अक्टूबर तक पर्यटन पर रोक लगाई थी। अब नए नोटिस के अनुसार रविवार से अवधि को बढ़ाकर नौ अक्टूबर कर दिया गया है। इस दौरान पर्यटकों के लिए रिजर्व में प्रवेश, जिप्सी सफारी और जंगल के अंदर रात्रि प्रवास पूरी तरह बंद रहेगा।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, बिहार से लाई गई बाघिन फिलहाल बक्सा के 25 माइल इलाके में बनाए गए करीब सात बीघा के एनक्लोजर में ही है। बाघिन को किसी तरह की परेशानी न हो और पर्यटकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित रहे, इसलिए जंगल में लोगों के प्रवेश पर रोक बढ़ाई गई है। विभाग का मानना है कि सफारी और पर्यटकों की आवाजाही से शोर बढ़ सकता है, जिससे बाघिन पर असर पड़ने के साथ सुरक्षा संबंधी समस्या भी उत्पन्न हो सकती है।हालांकि, पर्यटन बंद रहने से बक्सा टाइगर रिजर्व के अंदर रहने वाले 18 गांवों के लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जून से सितंबर तक जंगल बंद रहने के बाद अब दोबारा पर्यटन शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन इसे फिर से बंद कर दिया गया है। जिप्सी सफारी से जुड़े लोगों ने बताया कि उन्होंने वन विभाग के नियमों के अनुसार नई गाड़ियां खरीदी हैं और हर महीने भारी किस्त चुकानी पड़ रही है। पर्यटन बंद रहने से उनकी आजीविका पर गंभीर असर पड़ रहा है।
