पूर्वी सिंहभूम, 06 जून । शहर में पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने वाले गिरोह का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार काे बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बनाते हुए करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने ठग लिए। पीड़िता की पहचान बिष्टुपुर एम रोड निवासी प्रकाश कौर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार प्रकाश कौर गुरुद्वारा से पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एन रोड के पास दो युवकों ने उन्हें रोका। एक युवक बाइक पर बैठा था, जबकि दूसरा कुछ दूरी पर खड़ा था। बाइक सवार ने महिला से कहा कि सामने खड़ा व्यक्ति उन्हें बुला रहा है। जब वह उसके पास पहुंचीं तो उसने खुद को पुलिसकर्मी बताया और कहा कि बिष्टुपुर क्षेत्र में हत्या की घटना हुई है, इसलिए गहने पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है।
ठग की बातों में आकर प्रकाश कौर ने अपनी सोने की चेन, अंगूठी और कंगन उतार दिए। आरोपित ने गहनों को कागज में लपेटकर वापस देने का नाटक किया, लेकिन इसी दौरान असली गहने बदल दिए। घर पहुंचकर जब महिला ने कागज खोला तो उसमें केवल चूड़ी मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जुगसलाई और साकची में भी इसी तरह की ठगी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
