Oplus_16908288

Oplus_16908288

धनबाद, 16 मार्च । धनबाद जिले में सोमवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की बड़ी घटना सामने आई है। झरिया के भागाबांध ओपी क्षेत्र और जोड़ापोखर ओपी क्षेत्र के बॉर्डर इलाके में रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के तीन गुर्गे घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार रांची में हाल ही में एक होटल में हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी।

इसी क्रम में रांची पुलिस को सूचना मिली कि इस घटना में शामिल कुछ अपराधी धनबाद के झरिया इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद रांची पुलिस धनबाद पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया।

सूचना के आधार पर पुलिस की दो टीमों ने भागाबांध और जोड़ापोखर ओपी क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान छिपे हुए अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

क्रॉस फायरिंग के दौरान दो अपराधियों को पैर में गोली लग गई, जबकि तीसरा अपराधी भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया और उसका पैर टूट गया। घायल अपराधियों की पहचान अमन सिंह उर्फ कुबेर, जो पलामू का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि विक्की डोम और अफजल उर्फ अमन धनबाद के निवासी हैं।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों घायलों को कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं मौके से पुलिस ने हथियार, कई मोबाइल फोन और बम भी बरामद किए हैं। बरामद विस्फोटक और अन्य सामग्री की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।

पुलिस का कहना है कि इस घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रिंस खान गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।