दुर्घटना

गिरिडीह, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में हुई दुर्घटनाओं से हाहाकार, पुलिस जाँच में जुटी

रांची , 27 नवंबर । झारखंड में गुरुवार को तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग घायल हो गए। स्थानीय प्रशासन और पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है।

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना इलाके में गुरुवार की सुबह ऑटो पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये । घायलों में एक बच्ची भी शामिल है। घटना गिरिडीह मधुपुर मुख्य मार्ग पर दूधी टांड़ टोल प्लाजा के समीप हुई ।

जानकारी के मुताबिक काशीटांड से मुंडन कराने एक परिवार के लोग ऑटो पर सवार होकर बुढ़ई जा रहे थे । इस दौरान टोल प्लाजा के समीप अचानक ऑटो चालक का संतुलन बिगड़ जाने से ऑटो पलट गया । इसमें मछुआर निवासी रामचंद्र पासी (58 )की मौत हो गई । ऑटो में सवार चार अन्य लोग घायल हुए जिन्हे ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

पदमपुर टोल प्लाजा के पास सड़क हादसा, एक की मौत

सरायकेला, सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित पदमपुर टोल प्लाजा के नजदीक हई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से गुजर रहे एक बड़े वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत कांड्रा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पहचान की कोशिश कर रही है।

घटना के बाद टक्कर मारने वाले वाहन की खोज तेज कर दी गई है। पुलिस पदमपुर टोल प्लाजा और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि वाहन की पहचान और नंबर का पता लगाया जा सके। इस संबंध में सभी नजदीकी थानों को भी अलर्ट किया गया है।

हादसे के कारण थोड़ी देर के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

युवक की मौत,एक घायल

पश्चिमी सिंहभूम,   पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत मंझारी प्रखंड के जलधर गांव में सड़क दुर्घटना में युवक अमन गोप (19) की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार जलधर गांव के पास सड़क किनारे सप्ताहभर से एक खराब ट्रक खड़ा था। गुरुवार की सुबह लगभग 4 बजे अमन अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। तभी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।  दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत उसे सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के दौरान ही अमन ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार जलधर में इन दिनों वार्षिक मेला लगा हुआ है। बुधवार की रात अमन और उसका साथी मेला में घूमने गया था। देर रात तक मेला देखने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी क्रम में खड़े खराब ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई। इसमें एक की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।