बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

रामगढ़, 21 जुलाई।  रामगढ़ पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार  कर  इनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें कई वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर मिटाए गए थे।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के बड़की कुंदरुकला निवासी मो नजरुल, मो निसार अंसारी और रंजीत महतो को पकड़ा गया है। उनकी निशानदेही पर सात बाईक बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने बताया कि  संपत्तिमूलक अपराधों की रोकथाम और चोरी के मामलों के उद्भेदन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. अकरम रजा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। वाहन जांच और छापेमारी के दौरान पुलिस ने मो. नजरूल अंसारी और मो. निसार अंसारी को दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों की निशानदेही पर पांच अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की गई। मामले में रंजीत महतो को भी गिरफ्तार किया गया।

एसपी ने बताया कि नजरुल अंसारी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ रामगढ़, मांडू, कुजू, चरही, बोकारो सेक्टर-5, सेक्टर-4 और पेटरवार थाना क्षेत्र में पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। इस संबंध में रामगढ़ थाना में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

छापेमारी दल में डीएसपी (मुख्यालय) मो. अकरम रजा, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय तथा पुलिस निरीक्षक रजत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।