पूर्वी सिंहभूम, 24 जुलाई । गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट सब्जी मार्केट में 18 जुलाई की शाम रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो हिस्ट्रीशीटर सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो देसी कट्टे, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
शुक्रवार को सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि टिनप्लेट सब्जी मार्केट में एक दुकानदार से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी की रकम नहीं मिलने पर आरोपियों ने दुकानदार को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। घटना के बाद गोलमुरी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गोलमुरी चर्च के पीछे रामदेव बगान निवासी करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह, टुइलाडुंगरी के बजरंगनगर निवासी मनदीप सिंह तथा गाढ़ाबासा निवासी रोमी सिंह उर्फ सरदार शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि दुकानदारों में भय पैदा कर रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से उन्होंने फायरिंग की थी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 15 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं मनदीप सिंह पर मारपीट, हत्या के प्रयास और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
